हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एचपीसीएल रिफाइनरी के पास भाड़ावास जाने वाले सुनसान रास्ते पर मिली 40 वर्षीय जितेंद्र की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए रेवाड़ी की टीम ने इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए कमालपुर निवासी प्रवीन उर्फ पपला और उसके भतीजे अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रवीन को अपनी पत्नी और जितेंद्र के बीच अफेयर होने का शक था, जिसी रंजिश के चलते उसने पूरी साजिश रची।
कैसे मिला था शव, कैसे हुई पहचान
एएसपी दीपिका अग्रवाल ने शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में मामले की पूरी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 7 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि एचपीसीएल रिफाइनरी के पास भाड़ावास वाले रास्ते पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए। जांच में मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट के निशान पाए गए, जबकि उसकी जेब से एक आईफोन भी बरामद हुआ। बाद में पहचान की प्रक्रिया के जरिए यह स्पष्ट हुआ कि मृतक कमालपुर निवासी जितेंद्र ही था।
चाचा के बयान पर दर्ज हुआ था केस
पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया था। इसी दौरान मृतक के चाचा उत्तम सिंह ने पुलिस को दिए अपने बयान में प्रवीन उर्फ पपला और उसके एक साथी पर सीधे हत्या का शक जताया था। इसी आधार पर मॉडल टाउन थाने में हत्या का मामला दर्ज कर विधिवत जांच शुरू की गई थी।
बीयर पार्टी के बहाने बुलाकर रची साजिश
पूछताछ के दौरान आरोपी प्रवीन ने पुलिस को बताया कि उसने जितेंद्र को बीयर पार्टी के बहाने गांव कमालपुर स्थित शराब के ठेके पर बुलाया था। दोनों वहां से बीयर लेकर नहर की पुलिया पर बैठकर पीने लगे। इसके बाद प्रवीन अपने भतीजे अमन को मिंडा कंपनी से लेने के लिए जितेंद्र के साथ ही गया। अमन के साथ आने के बाद तीनों कार में सवार होकर एचपीसीएल रिफाइनरी के पास भाड़ावास वाले सुनसान रास्ते की ओर बढ़ गए, जहां बाद में वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस की इस सफलता से रेवाड़ी में सनसनी फैलाने वाले इस हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया है और दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है।
ये भी पढ़ें…..