कांग्रेस का चुनाव आयोग पर सीधा हमला
बुलंदशहर में कांग्रेस जिला अध्यक्ष जियाउर्रहमान ने चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो चुके हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, उससे साफ हो गया है कि संस्था की निष्पक्षता पर भरोसा कायम रखना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से भी नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग उठाई। जियाउर्रहमान ने कहा कि जब तक जिम्मेदार लोग पद पर बने रहेंगे, तब तक निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद करना बेमानी होगा।
चुनाव आयोग के खिलाफ लामबंद हुई कांग्रेस
कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ लामबंदी शुरू कर दी है और जिले भर में जनजागरण अभियान चलाने का ऐलान किया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने बताया कि इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर के हर वार्ड में जाकर लोगों को चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जागरूक करेंगे। मिशन 2027 में जुटी कांग्रेस ने अपना कुनबा बढ़ाना का काम भी तेजी से शुरू कर दिया है, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी मजबूती से मैदान में उतर सके।
बाइट – जियाउर्रहमान, कांग्रेस जिला अध्यक्ष, बुलंदशहर
कल कलेक्ट्रेट का घेराव, धरना-प्रदर्शन
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने ऐलान किया कि कल बुलंदशहर में कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा और धरना-प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे और प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा जाएगा। इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की तैयारी में है। जियाउर्रहमान ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ बुलंदशहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
SIR प्रक्रिया और पारदर्शिता पर सवाल
जियाउर्रहमान ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर भी कांग्रेस लगातार सवाल उठाती रही है। उनका कहना है कि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है और आम मतदाताओं को भरोसे में लिए बिना फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, मजदूर और वंचित तबके के मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने की आशंका बनी हुई है, जिसे लेकर पार्टी लगातार चुनाव आयोग से जवाब मांग रही है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि जब तक आयोग हर सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं देता, तब तक पार्टी का विरोध जारी रहेगा।
भाजपा सरकार पर असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर सरकार खामोश है, जबकि संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर असली मुद्दों को दबाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी जल्द ही जिले के हर ब्लॉक में जनसभाएं आयोजित कर जनता को इन मुद्दों पर जागरूक करेगी। जिला अध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रशासन को शांतिपूर्ण प्रदर्शन में सहयोग करना चाहिए, ताकि कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिल सके।
कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में जुटने की अपील
जियाउर्रहमान ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कल के धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल हों और अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ चुनाव आयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई है, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
रिपोर्टर: शम्सुद्दीन सैफी बुलंदशहर
ये भी पढ़ें: