कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महोली मोड़ के पास एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे इंडेन गैस टैंकर से जा भिड़ी। हादसे में फॉर्च्यूनर सवार शहर के जाने-माने कत्था कारोबारी और हिंदुस्तान पेट्रोल पंप के मालिक पवन अग्रवाल (60) की मौत हो गई।
फैक्ट्री जाते समय हुआ भीषण हादसा
जानकारी के मुताबिक, स्वरूप नगर थाना क्षेत्र निवासी पवन अग्रवाल अपनी फॉर्च्यूनर कार से चौडगरा स्थित कत्था फैक्ट्री जा रहे थे। बताया जा रहा है कि महोली मोड़ के पास चंद्रिका ढाबा के नजदीक अचानक उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया।
कार बेकाबू होकर सड़क के डिवाइडर से टकराई और उसे पार करते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची। इसी दौरान सामने से प्रयागराज की ओर से मथुरा की दिशा में जा रहा इंडेन गैस टैंकर सामने आ गया। दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टैंकर चालक राजू ने हादसा टालने के लिए ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन अचानक सामने आई कार के कारण टक्कर को पूरी तरह टाला नहीं जा सका।
राहगीरों की मदद से कार से निकाला गया
दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से लंबा जाम लग गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय राहगीरों की सहायता से क्षतिग्रस्त फॉर्च्यूनर में फंसे पवन अग्रवाल को बाहर निकाला।
गंभीर हालत में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी
पवन अग्रवाल के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिचितों और कारोबारी क्षेत्र से जुड़े लोगों ने घटना पर दुख जताया।
पुलिस ने यातायात कराया सामान्य
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह के अनुसार, दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: सुनील कुमार
ये भी पढ़ें: ईडी दफ्तर से पूछताछ के बाद बोले हरीश रावत— “यह बदले की भावना और सत्ता का अहंकार”