बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव को लेकर चुनावी दलों ने कमर कस ली है. वहीं इसको लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बड़ा नगर विधानसभा क्षेत्र में रोड शो किया. इस दौरान नितिन नबीन ने अरविंद केजरीवाल द्वारा पश्चिम बंगाल में प्रचार किए जाने पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि, जिस नेता के प्रति कोई आकर्षण नहीं रहा, जिस नेता से पूरा देश त्रस्त हो गया. मैं मानता हूं कि उस नेता में प्रचार करने का नैतिक कर्तव्य कहां बचा? अभी तो और खेला होगा. डूबती नैया पर कौन सवार होगा. पहले AAP डूबी, अब TMC डूबेगी. विपक्ष समाप्ति के दौर पर है.
वहीं एक निजी मीडिया संस्थान से बातचीत में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि, वे पिछले 20 वर्षों से संगठन के काम में सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने छोटे स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं और अब पार्टी ने उन्हें बड़े स्तर पर काम करने का अवसर दिया है. काम का स्वरूप भले ही बड़ा हो गया हो, लेकिन मूल काम वही है, जिसे अब व्यापक स्तर पर किया जाना है. उन्होंने कहा कि इससे उन्हें संगठन के काम को पहले से अधिक गहराई से समझने और निर्णय प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाने का मौका मिला है.
नितिन नवीन ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और संगठनात्मक ढांचा हर स्तर पर मजबूत सहयोग देता है. उन्होंने अपने संगठनात्मक अनुभव पर भरोसा जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी पार्टी के रूप में बीजेपी की संगठनात्मक संरचना बेहद मजबूत है. उन्होंने कहा कि, पार्टी की विचारधारा से जुड़ाव और शुरुआत से मिलने वाला अनुशासन यह स्पष्ट दिशा देता है कि किस रास्ते पर आगे बढ़ना है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक सभी टीमवर्क के साथ खड़े रहते हैं, जिससे यह विश्वास मजबूत होता है कि पूरा बैकअप मौजूद है. उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी ने जो फैसला लिया है, उसे वे सही साबित कर पाएंगे.