रिपोर्ट: आकाश
उत्तराखंड पुलिस के अधिकारी लोकजीत सिंह ने एक बार फिर प्रदेश का मान बढ़ाया है। चारधाम यात्रा के प्रभावी, सुव्यवस्थित और नवाचारपूर्ण प्रबंधन के लिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित SKOCH Award से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान 28 मार्च 2026 को SKOCH Group के 106वें समिट में India Habitat Centre, नई दिल्ली में प्रदान किया जाएगा।
वर्ष 2024 की यात्रा के दौरान सामने आई चुनौतियों से सबक लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने IG रेंज के अधीन एक विशेष कंट्रोल रूम के गठन का निर्णय लिया था। इस कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी लोकजीत सिंह को सौंपी गई। उन्होंने अल्प समय में अपनी टीम के साथ कंट्रोल रूम स्थापित कर व्यापक स्तर पर तैयारियाँ शुरू कर दीं, जिससे वर्ष 2025 की चारधाम यात्रा को सुचारू और व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सका।
यात्रा के दौरान उत्पन्न विभिन्न चुनौतियों का समाधान सिस्टेमेटिक और डायनेमिक अप्रोच से किया गया। प्रमुख रूप से धाराली आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का समन्वय, पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा प्रबंधन की चुनौती, तथा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं में रेस्क्यू कार्यों की प्रभावी निगरानी जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों को लोकजीत सिंह ने सफलतापूर्वक संभाला।
लोकजीत सिंह की कार्यशैली, त्वरित निर्णय क्षमता और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने की दक्षता को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। इससे पहले भी उन्हें वर्ष 2021 में कोविड प्रबंधन के लिए FICCI द्वारा Smart Policing Award से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2024 में चारधाम यात्रा प्रबंधन के लिए उन्हें राज्यपाल द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक भी प्रदान किया गया था।
यह सम्मान न केवल लोकजीत सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उत्तराखंड पुलिस की पेशेवर क्षमता, आपदा प्रबंधन कौशल और जनसेवा के प्रति समर्पण का राष्ट्रीय स्तर पर मिला गौरव भी है।