एक बार फिर सोशल मीडिया पर सक्रिय हुए पूर्व क्रिकेटर
पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या को लेकर एक बार फिर सोशल मीडिया पर आवाज उठाई है। इस बार उनका निशाना उन लोगों पर है, जो उनके अनुसार असली मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
साफ कहा- मुद्दे को दबाया नहीं जा सकता
हरभजन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंजाब में नशे की समस्या एक गंभीर विषय है, जिसे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की आड़ में दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने पंजाब सरकार से अपील की कि वह नशे के आदी लोगों के पुनर्वास पर गंभीरता से काम करे।
‘पेड ट्रोल से मुद्दा नहीं छिपेगा’
अपने ताजा पोस्ट में हरभजन सिंह ने लिखा कि यह मुद्दा पंजाब की ड्रग समस्या से जुड़ा है और किसी के पेड ट्रोल करने भर से इसे दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि इस समस्या पर ठोस काम करने की जरूरत है, और जिम्मेदारी से भागने से इसका समाधान नहीं निकलेगा। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी बात किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाने के इरादे से नहीं है।
पंजाब सरकार से की एकजुट होकर काम करने की अपील
हरभजन ने अपने पोस्ट में पंजाब सरकार से एक-दूसरे पर आरोप लगाने के बजाय ठोस कदम उठाने की अपील की। उनका कहना है कि राजनीतिक खींचतान छोड़कर इस पर विचार होना चाहिए कि पंजाब को नशा मुक्त कैसे बनाया जाए।
पहले वीडियो पर घिर गए थे हरभजन
गौरतलब है कि 10 अगस्त को हरभजन सिंह ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें पगड़ीधारी दो युवक नशे की हालत में नजर आ रहे थे। उन्होंने इसे पंजाब में बढ़ते नशे की समस्या से जोड़ते हुए चिंता जताई थी। हालांकि बाद में पंजाब पुलिस की फैक्ट-चेकिंग और मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया कि वह वीडियो पंजाब का नहीं, बल्कि राजस्थान के श्रीगंगानगर का था।
AAP नेताओं ने साधा था निशाना
गलत लोकेशन वाले वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने हरभजन सिंह पर तीखा हमला बोला था। पंजाब की कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आरोप लगाया कि वीडियो असल में राजस्थान का है, न कि पंजाब का, और इसे जानबूझकर राज्य को बदनाम करने के लिए इस्तेमाल किया गया।
विवाद के बीच नया रुख अपनाते हुए किया पलटवार
अपने पहले वीडियो को लेकर आलोचना झेलने के बाद हरभजन सिंह ने अब नया वीडियो जारी कर अपनी बात साफ करने की कोशिश की है। उनका कहना है कि नशे की समस्या पर हो रही चर्चा को किसी एक व्यक्ति के खिलाफ मुहिम के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसका मकसद नशे की गिरफ्त में आए लोगों का इलाज और पुनर्वास सुनिश्चित करना होना चाहिए। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि किसी दूसरे राज्य का हवाला देने भर से पंजाब की अपनी समस्या खत्म नहीं हो जाती। हरभजन के इस ताजा बयान से पंजाब की सियासत में जारी बहस और तेज होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: सीएम योगी संतकबीरनगर दौरे पर सपा-कांग्रेस पर बरसे, बोले- सत्ता में रहकर भी कुछ नहीं किया