UP: 9 साल बाद प्रेम विवाह का दुखद अंत, बाथरूम के टब में मिला महिला टीचर का शव
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक प्रेम विवाह का 9 साल बाद दुखद अंत हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ले में शनिवार सुबह एक महिला टीचर का शव उसके घर के बाथरूम में पानी से भरे टब में मिला। मृतका की पहचान 29 वर्षीय शालिनी यादव के रूप में हुई है। उसके सिर और पैर पर चोट के निशान पाए गए हैं। मायके पक्ष ने पति और उसके दो भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है।
निजी स्कूल में पढ़ाती थी शालिनी
शालिनी एक निजी स्कूल में अध्यापिका थी, जबकि उनके पति दिलीप यादव बहुआ ब्लॉक के चक अल्लीपुर प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। परिजनों के मुताबिक दोनों ने करीब 9 साल पहले प्रेम विवाह किया था और उनका एक सात वर्षीय बेटा भी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, मृतका के शरीर पर सिर और पैर में चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतका की मां फूलमती ने आरोप लगाया कि शालिनी और दिलीप के बीच कॉलेज के समय से ही फोन पर बातचीत होती थी। जब परिवार ने कहीं और उनकी शादी तय की, तो शालिनी ने अपने पिता धर्मराज को दिलीप से प्रेम संबंध की जानकारी दी।
2017 में हुई थी शादी
इसके बाद पिता ने दोनों की पसंद को स्वीकार करते हुए 3 दिसंबर 2017 को जयराम नगर के एक गेस्ट हाउस में उनकी शादी कराई थी। मां का आरोप है कि पिछले कुछ समय से शालिनी परेशान थीं और पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। उनका दावा है कि दिलीप ने अपने दो सगे भाइयों भूपेंद्र और संदीप के साथ मिलकर धारदार हथियार से शालिनी की हत्या की।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटना की पूरी परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।