नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पुलिस ने नाइट चेकिंग के दौरान एक सूटकेस से नाबालिग युवती का शव बरामद किया। जांच में खुलासा हुआ कि युवती की हत्या उसके चचेरे भाई ने ही की थी।
नाइट चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, बुराड़ी क्षेत्र में नियमित नाइट चेकिंग के दौरान एक युवक की संदिग्ध गतिविधियां देखकर पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। युवक अपने साथ एक सूटकेस लेकर सुनसान इलाके की ओर जा रहा था। पुलिस के सख्ती से पूछताछ करने पर युवक घबरा गया और सच्चाई सामने आ गई।
सूटकेस में मिला नाबालिग बहन का शव
पूछताछ के दौरान पता चला कि सूटकेस में युवक की चचेरी बहन का शव था। आरोपी शव को सुनसान जगह पर ठिकाने लगाने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सूटकेस से शव बरामद कर लिया।
आरोपी अविनाश ने कबूला अपराध
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अविनाश के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में अविनाश ने बताया कि उसे अपनी चचेरी बहन पर प्रेम प्रसंग को लेकर शक था, जिसके चलते उसने आवेश में आकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस जांच में जुटी, आगे की कार्रवाई शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मामले में हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे और कोई वजह तो नहीं थी।
इस दर्दनाक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें…..