विपक्ष पर गलत नैरेटिव फैलाने का आरोप
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित सीएम आवास के मुख्य सेवक सदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। सीएम धामी ने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष गलत नैरेटिव बना रहा है और लोगों में भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि झूठ का पर्दा हमेशा फाश होता है और वो एक दिन बेनकाब होकर ही रहता है। सीएम ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर विपक्ष हमेशा सवाल उठाता आया है, लेकिन किसी भी संवैधानिक संस्था पर सवाल खड़े करने से पहले तथ्य और सत्य के आधार पर बात रखनी चाहिए।
चुनाव प्रक्रिया पर सीएम का बयान
सीएम धामी ने बताया कि 26 सितंबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई थी और 24 जून 2025 को जारी आदेश सर्वसहमति से हुआ था, उसके बाद ही SIR और अन्य प्रक्रिया अपनाई गई। उन्होंने कहा कि गलत तरीके से चीजों को प्रस्तुत करना बिल्कुल उचित नहीं है। सीएम ने यह भी कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने भी माना है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष है और इसका उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता को उसके अधिकार से वंचित करना नहीं है।
बाइट – पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
“विपक्ष चुनाव आयोग को लेकर गलत नैरेटिव बना रहा है और जनता में भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। झूठ का पर्दा हमेशा फाश होता है, वो एक दिन बेनकाब होकर ही रहता है। संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले विपक्ष को तथ्य और सत्य के आधार पर बात रखनी चाहिए। कांग्रेस संगठन पहले ही खत्म हो चुका है, अब उनके पास कोई मुद्दा नहीं बचा, इसलिए वे झूठ की दुकान चला रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रमिक वर्ग और गरीब वर्ग के लिए विशेष कैंप लगाए गए हैं, साथ ही छूटे हुए और पहली बार के मतदाताओं के लिए भी विशेष कैंप लगाकर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रश्न जरूर पूछे जाने चाहिए, लेकिन किसी भी संवैधानिक संस्था पर सवाल खड़े करने से पहले तथ्य और प्रमाण सामने रखे जाने जरूरी हैं।
कांग्रेस संगठन पर तीखा प्रहार
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस संगठन पहले ही खत्म हो चुका है और उसके कार्यकर्ता कॉमेडी कलाकार बनकर काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुणे में प्रधानमंत्री की माता जी का अपमान कांग्रेस के लोगों ने किया और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के लिए गलत शब्दावली का प्रयोग किया, जिसे उत्तराखंड के लोग कभी माफ नहीं करेंगे।
राज्य गठन और नकल माफिया मुद्दे पर पलटवार
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के समय भी कांग्रेस और मुलायम सरकार ने कुठाराघात करने का काम किया था। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे देहरादून आकर कहते हैं कि भाजपा सरकारों ने नकल माफियाओं को जेल में नहीं डाला, जबकि हकीकत में 100 से ज्यादा नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है और 34 हजार से अधिक नियुक्तियां पारदर्शी तरीके से हुई हैं। सीएम ने यह भी कहा कि हल्द्वानी में भी जातीय मामले को लेकर झूठा नैरेटिव फैलाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे झूठ की दुकान चला रहे हैं।
सरकार पारदर्शिता से काम कर रही है: धामी
सीएम धामी ने साफ किया कि सरकार जनता के हितों के लिए काम कर रही है और विपक्ष के झूठे आरोपों से डरने वाली नहीं है। भाजपा सरकार पूरी पारदर्शिता से काम करती है, जबकि कांग्रेस के पास जनता को गुमराह करने के अलावा कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।
रिपोर्टर: आकाश, देहरादून
ये भी पढ़ें: