अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ, जिसमें कम से कम पांच लोगों की जान चली गई। लैंडिंग के दौरान अमेजन एयर का एक कार्गो विमान रनवे से फिसलकर सीधे सड़क पर जा पहुंचा और वहां खड़े कई वाहनों से टकरा गया। हादसे के बाद विमान में तुरंत आग लग गई और आसमान में काले धुएं का घना गुबार उठने लगा। घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
कैसे हुआ पूरा हादसा
बोइंग 767-300 कार्गो विमान ने प्यूर्टो रिको के सैन जुआन स्थित लुइस मुनोज मारिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर करीब 2 बजे लैंडिंग के दौरान पायलट का विमान पर नियंत्रण छूट गया, जिसके बाद प्लेन रनवे पार कर सीधे नजदीकी सड़क पर जा घुसा। वहां मौजूद वाहन इसकी चपेट में आ गए, जिससे कई लोग अंदर ही फंस गए।
पायलट भी कॉकपिट में फंसे
मियामी-डेड काउंटी प्रशासन ने पुष्टि की कि विमान के पायलट और सह-पायलट दुर्घटना के बाद कॉकपिट में ही फंसे रह गए थे। रेस्क्यू फायर चीफ के मुताबिक, हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं। आग बुझाने और लोगों को बचाने के लिए 60 से ज्यादा दमकल इकाइयां तुरंत मौके पर भेजी गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हवाई यातायात पर भी असर
इस हादसे के चलते मियामी एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। रविवार देर शाम तक करीब 250 उड़ानें देरी से चल रही थीं। घटना के कई घंटों बाद भी विमान से ईंधन का रिसाव रोकने का काम जारी रहा, जिससे इलाके में सतर्कता बरती जा रही थी।
32 साल पुराना था विमान
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, यह विमान नॉर्थ कैरोलिना की कार्गो कंपनी ’21 एयर’ द्वारा संचालित किया जा रहा था। फ्लाइटराडार 24 के आंकड़ों के मुताबिक यह करीब 32 साल पुराना बोइंग 767 विमान मूल रूप से एक यात्री विमान था, जिसे 2015 में कार्गो सेवा के लिए परिवर्तित किया गया था। आग लगने के बावजूद विमान का मुख्य ढांचा काफी हद तक सुरक्षित बचा रहा और वह अपने पेट के बल जमीन पर रुका हुआ मिला। अब जांच एजेंसियां इस पूरे हादसे के कारणों की गहन पड़ताल में जुटी हैं।