महापौर, नगर आयुक्त तथा पार्षदों ने लगाए हर हर महादेव के जयकारे
गाजियाबाद। सावन माह में गाजियाबाद नगर निगम द्वारा कांवड़ यात्रियों के स्वागत में एक विशेष पुष्प वर्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, माननीय पार्षदगण तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कावड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की। कार्यक्रम के दौरान “हर हर महादेव” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
महापौर सुनीता दयाल ने की पार्षदों और अधिकारियों की सराहना
महापौर सुनीता दयाल ने इस अवसर पर कहा कि गाजियाबाद नगर निगम जहां एक ओर शहर की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाल रहा है, वहीं दूसरी ओर सभी पार्षद और अधिकारी मिलकर कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा करते हुए उनका हार्दिक स्वागत भी कर रहे हैं, जो अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्वच्छता और श्रद्धाभाव के साथ कावड़ यात्रा महोत्सव मनाया जा रहा है।
नगर आयुक्त बोले- यात्रा निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए विशेष टीम तैनात
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि कावड़ श्रद्धालुओं की यात्रा निर्विघ्न रूप से संपन्न हो, इसके लिए नगर निगम की विशेष टीम लगातार कार्यरत है। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा दो दिवसीय पुष्प वर्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें आज अंतिम दिन सभी पार्षदों और निगम अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भव्य रूप से आ रही कावड़ यात्रा पर पुष्प बरसाए और श्रद्धालुओं का गाजियाबाद आगमन पर हर्षोल्लास के साथ अभिनंदन किया।
हर वर्ष होता है पुष्प वर्षा का आयोजन, इस बार दो दिन चला कार्यक्रम
गौरतलब है कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा प्रत्येक वर्ष कावड़ यात्रियों के स्वागत में पुष्प वर्षा का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी दो दिन तक पुष्प वर्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सभी पार्षदों और निगम अधिकारियों ने मिलकर श्रद्धालुओं तथा कावड़ यात्रियों पर पुष्प बरसाए।
कार्यक्रम में विधायक संजीव शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक संजीव शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और कार्यक्रम की सफलता में योगदान दिया।