बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर एक कॉलेज छात्रा पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस के अनुसार, परीक्षा देकर कॉलेज से बाहर निकल रही छात्रा को एक साथी छात्र ने पहले देसी पिस्टल से गोली मारने की कोशिश की। फायर नहीं होने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
परीक्षा देकर बाहर निकली थी छात्रा
यह घटना 15 सितंबर को सेंधवा शहर थाना क्षेत्र स्थित वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुई। आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, बीए प्रथम वर्ष में पढ़ने वाली छात्रा परीक्षा देकर हॉल से बाहर निकल रही थी। इसी दौरान बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र गणेश ठाकुर ने कथित तौर पर उसे रोक लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्रा से शादी करना चाहता था। छात्रा ने उसके प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया। रिपोर्ट में बताया गया है कि छात्रा की शादी कहीं और तय होने की बात भी सामने आई है।
पहले पिस्टल से फायर, फिर चाकू से हमला
सेंधवा शहर थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह के अनुसार, आरोपी ने छात्रा को निशाना बनाकर देसी पिस्टल से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन फायर नहीं हुआ। इसके बाद उसने चाकू निकालकर छात्रा पर वार कर दिया।
आजतक की रिपोर्ट में बताया गया है कि चाकू का वार छात्रा की पीठ पर लगा। वहीं, पीटीआई की रिपोर्ट में गर्दन के नीचे चोट लगने की जानकारी दी गई है। घटना के बाद घायल छात्रा को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सेंधवा ले जाया गया।
छात्रों और कॉलेज स्टाफ ने आरोपी को पकड़ा
हमले के दौरान मौके पर मौजूद छात्रों और अन्य लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीटीआई के अनुसार, आरोपी की पहचान गणेश ठाकुर के रूप में हुई है। वह भी इसी कॉलेज में पढ़ता है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस जुटा रही हमले से जुड़ी जानकारी
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि आरोपी देसी पिस्टल और चाकू लेकर कॉलेज परिसर तक कैसे पहुंचा। पुलिस आरोपी से पूछताछ के जरिए हमले की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल छात्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना में इस्तेमाल हथियारों और हमले की परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़ें……