तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच में शव के टुकड़े मिलने के मामले की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 38 वर्षीय हयातुन निशा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा के जगतसिंहपुर की रहने वाली थीं और चेन्नई के तांबरम में एक कपड़ा कंपनी में काम करती थीं।
यह मामला पांच अगस्त को सामने आया था, जब आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस के एक कोच में लाल ट्रॉली बैग से शव के टुकड़े बरामद हुए थे। शुरुआती जांच के बाद मामले की जांच चेन्नई जीआरपी को सौंप दी गई।
गुडुवांचेरी के मकान से मिले अहम सुराग
चेन्नई पुलिस की जांच में गुडुवांचेरी स्थित एक किराए के मकान से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने 21 अगस्त को मकान की तलाशी ली थी। यहां एक बड़े बर्तन में मांस और शरीर के कुछ हिस्से मिलने की जानकारी सामने आई।
जांचकर्ताओं को आशंका है कि हयातुन निशा की हत्या इसी मकान में की गई और इसके बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। पुलिस के मुताबिक, शव के करीब 18 टुकड़े किए गए थे।
दो लोगों पर हत्या का शक
जांच में मणिकउद्दीन लश्कर और भगवती माझी के नाम सामने आए हैं। दोनों आरोपी कथित तौर पर गुडुवांचेरी के मसूथी स्ट्रीट स्थित मकान में रहते थे। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से भी जांच में अहम सुराग मिलने की बात कही गई है।
दोनों फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
बेटे ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
हयातुन निशा के 19 वर्षीय बेटे यूसुफ खान ने 21 अगस्त को अपनी मां की तलाश में गुडुवांचेरी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बताया गया कि वह मां से मिलने मकान पर पहुंचा था, लेकिन वहां उनके नहीं मिलने के बाद पुलिस से संपर्क किया।
अब जांच एजेंसियां मोबाइल कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी हैं। इससे हत्या के समय और उससे पहले हुए घटनाक्रम के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
आगरा कैंट स्टेशन पर मिला था शव
पांच अगस्त की सुबह करीब 5:03 बजे ट्रेन संख्या 12621 तमिलनाडु एक्सप्रेस के पिछले कोच में लाल रंग के ट्रॉली बैग से शव के टुकड़े बरामद किए गए थे। इसके बाद आगरा जीआरपी में मामला दर्ज किया गया था।
शव की पहचान और शुरुआती जांच के बाद केस को चेन्नई जीआरपी को स्थानांतरित कर दिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों के पकड़े जाने के बाद हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।