केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के पुरसुराह में जनसभा की है। उन्होंने राज्य की मौजूदा तृणमूल कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला। अमित शाह ने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो एक-एक घुसपैठिए को बंगाल से बाहर निकाल दिया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि आज बंगाल के हर कोने में टीएमसी सरकार के खिलाफ भारी गुस्सा है। जनता अब इस सरकार से पूरी तरह परेशान हो चुकी है और बदलाव चाहती है।
शाह ने किया दावा
अमित शाह ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ यह गुस्सा आने वाले चुनाव के नतीजों में साफ दिखाई देगा और जनता सिर्फ कमल खिलाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि यहां से घुसपैठियों को बाहर निकालना बहुत जरूरी है। शाह ने आरोप लगाया कि जब मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम हटाए जाते हैं, तो दीदी को बहुत तकलीफ होती है। उन्होंने जनता से अपील की कि 5 तारीख को भाजपा की सरकार बना दें। सरकार बनते ही पूरे बंगाल से चुन-चुन कर एक-एक घुसपैठिये को बाहर निकाल दिया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में आलू उगाने वाले किसानों को उनकी फसल का सही दाम नहीं मिल रहा है। राज्य सरकार ने आलू के निर्यात पर भी रोक लगा दी है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है और सरकार पूरी तरह से उदासीन बनी हुई है। भाजपा की सरकार बनने पर वह आलू किसानों का पूरा साथ देगी और उनके आलू के निर्यात में हर संभव मदद करेगी।