अपने चुनावी रोड शो के दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने TMC पर हमला बोलते हुए कहा था कि, TMC के गुंडों को उल्टा लटका कर सीधा कर दिया जाएगा. आरामबाग में एक सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि, अगर 29 मई को आरामबाग के लोगों को परेशान किया गया तो 5 मई के बाद अधिकारी निर्णायक कार्रवाई करेंगे. शाह के इस बयान के बाद राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई थी. वहीं अमित शाह के विवादित बयान पर ममता बनर्जी ने पलटवार करते हुए. कानूनी केस करने की चेतावनी दी. ममता बनर्जी ने चुनावी सभा में शाह के बयान पर कहा कि, हम अमित शाह के हिंसक बयानों के लिए उनके खिलाफ कानूनी केस करने जा रहे हैं. गृह मंत्री होने के नाते, वह ऐसी टिप्पणी नहीं कर सकते.
वहीं ममता बनर्जी के केस करने की चेतावनी के बाद एक बार फिर से अमित शाह ने अपने उसी विवादित बयान को दोहराया. कोलकाता में अपने रोड शो के दौरान उन्होंने कहा कि, हम जनता के बीच में हैं और 29 तारीख को बंगाल की जनता को निर्णय करना है. ममता बनर्जी क्या कहना चाहती हैं कि गुंडों के साथ क्या करना चाहिए. क्या उनका सम्मान करना चाहिए. जो जनता को परेशान करते हैं, उनका सम्मान करने की उनकी योजना है.
इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर भी जमकर हमला बोला. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर शाह ने कहा, हर एक पार्टी अपनी-अपनी बात करती है, राहुल गांधी भी कर रहे हैं लेकिन मैं इतना स्पष्ट देख रहा हूं कि इस बार ममता बनर्जी चुन कर नहीं आ रही हैं. बंगाल के इस चुनावी रण में उतरने के लिए सियासी दल तैयार हैं. राज्य में दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होने हैं. सत्ता के इस चुनावी संग्राम में कौन बाजी मारेगा. इसका फैसला तो 4 मई को ही होगा.