पश्चिम बंगाल में पहले चरण की बंपर वोटिंग के बाद दूसरे चरण को लेकर सभी चुनावी दल अपना दम – खम दिखाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. नेताओं के बीच सियासी वार- पलटवार का भी सिलसिला जारी है. तो वहीं सियासी दलों ने पहले मतदान के बाद बड़े -बड़े दावे भी करने शुरू कर दिए हैं. जहां एक ओर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि बीजेपी. 152 में से 110 सीटों पर जीत दर्ज करेगी. तो वहीं अब TMC ने भी एक बड़ा दावा करते हुए सियासी हलकों में खलबली मचा दी है. आखिर TMC ने पहले चरण के मतदान को लेकर ऐसा क्या कह दिया. जिसने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है.
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने पहले मतदान में बंपर वोटिंग के बाद बड़ा दावा करते हुए कहा कि, भाजपा 152 में से 110 सीटों पर जीत दर्ज करेगी. दीदी की सरकार जाने वाली है और राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है. वहीं अब शाह के दावे के बीच TMC नेता कुणाल घोष ने पहले चरण के मतदान के बाद दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस को बड़ी बढ़त मिल रही है और भारतीय जनता पार्टी इस चरण में पिछड़ चुकी है.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य में चौथी बार सरकार बनने जा रही है. कुणाल घोष के अनुसार, जिन 152 सीटों पर मतदान हुआ है, उनमें से टीएमसी को 125 से 135 सीटें मिलने की उम्मीद है. उन्होंने यह भी कहा कि जमीनी हालात को देखते हुए भाजपा के नेता हताशा में बयानबाजी कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि पहले चरण में टीएमसी को कई तरह से फायदा हुआ है. पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ेगा, जीत का अंतर अधिक होगा और कुल सीटों में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. साथ ही, उन्होंने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं, खासकर महिलाओं से अपील की कि वे दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में मतदान करें, ताकि पहले चरण की तरह ही रिकॉर्ड भागीदारी कायम रह सके.