उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 9 लोग बोलेरो में जिंदा जल गए. पूरी घटना रीवा-मिर्जापुर हाईवे स्थित ड्रमंडगंज घाटी की है. जहां देर रात एक कार के ट्रेलर से टकराने के बाद 11 लोगों की मौत हो गई. इनमें बोलेरो सवार नौ लोग जिंदा जल गए. वहीं इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,”जनपद मीरजापुर में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
बताया जा रहा है कि टक्कर लगते ही बोलेरो में भीषण आग लग गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और गाड़ी में सवार 9 लोगों की जिंदा जल कर मौत हो गई… पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली. घटना को लेकर उन्होंने कहा कि, बुधवार को एक अनियंत्रित ट्रक द्वारा कई वाहरों के टक्कर मारने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची टीम ने बताया कि एक अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो, एक कार और एक कंटेनर को पीछे से टक्कर मार दी है, जिसके कारण बोलेरो कार में भीषण आग गल गई है, जिससे कार में सवार 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है. मौके पर फायर टीम को बुलाया गया है. आगे उन्होंने बताया कि, हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रक की अनियंत्रित गति और संभवत चालक की लापरवाही इस दुर्घटना का मुख्य कारण बनी. वहीं बोलेरो में आग लगने के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीण विमलेश ने बताया कि, आग लगने की घटना होने पर वह मौके पर पहुंचे. बोलेरो में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया पर आग की लपट इतनी तेज थी कि बचाना मुश्किल था. फायर बिग्रेड को सूचना दी गई पर समय से अग्निशमन विभाग की टीम नहीं पहुंची. प्रशासन भी लेट पहुंचा.
पुलिस ने बताया कि, जिगना थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी अरुण सिंह का परिवार नौ साल के बेटे शिव का मुंडन कराने बोलेरो से मैहर गया था. परिवार मैहर से मिर्जापुर लौट रहा था. बोलेरो में पंकज सिंह, बीना, वंदना, पीयूष, प्रियंका, कार्तिकय, सोनम सवार थे. विष्णु बोलेरो चला रहा था. हादसे में ट्रक चालक समेत कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. मृतकों के परिजनों को हादसे के बारे में जानकारी दे दी गई और उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना की आगे की जांच जारी है.