एक्टर बोले- बेंगलुरु से हटाया गया मेरा नाम, यही मेरा जन्मस्थान भी है
मशहूर अभिनेता प्रकाश राज ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बाद बेंगलुरु निर्वाचन क्षेत्र की वोटर लिस्ट से उनका नाम हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि बेंगलुरु ही वह शहर है जहां वे पैदा हुए, जहां उन्होंने पढ़ाई की और रंगमंच से अपने करियर की शुरुआत की। इस पूरे घटनाक्रम पर तंज कसते हुए उन्होंने इसे एक बड़ा मजाक करार दिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर जताई नाराजगी
प्रकाश राज ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो शेयर करते हुए वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने की पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अब वे यह देखना चाहते हैं कि अपना वोटर आईडी वापस पाने के लिए उन्हें कितने दस्तावेज़ दिखाने पड़ेंगे। एक्टर ने इसे सत्ता की ताकत दिखाने की कोशिश बताते हुए कहा कि भले ही किसी नागरिक का वोट देने का अधिकार छीना जा सकता है, लेकिन सत्ता से जवाबदेही मांगने के उनके प्रयास को रोकना आसान नहीं होगा।
पहले भी विवादों में रहा है प्रकाश राज का वोटर आईडी मामला
गौरतलब है कि इससे पहले जून महीने में बेंगलुरु की एक अदालत ने प्रकाश राज के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। दरअसल एक वकील ने 2019 में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि अभिनेता के पास चार अलग-अलग राज्यों के मतदाता पहचान पत्र मौजूद हैं, जो चुनावी नियमों का उल्लंघन है। शिकायतकर्ता का कहना था कि लंबे समय तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद वे मामला लेकर अदालत पहुंचे। कोर्ट द्वारा भेजे गए समन के बावजूद अभिनेता पेश नहीं हुए, जिसके चलते वारंट जारी करना पड़ा।
सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर मुखर रहते हैं प्रकाश राज
प्रकाश राज लंबे समय से अपने बेबाक और स्पष्ट बयानों के लिए जाने जाते हैं। वे सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर खुलकर अपनी राय रखते रहे हैं। हाल ही में दिल्ली में हुए छात्र प्रदर्शन में भी उन्होंने शिरकत की थी। फिलहाल वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता जल्द ही फिल्म “दृश्यम 3” में नजर आने वाले हैं।