शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच एक स्टॉक ने निवेशकों को जबरदस्त फायदा दिलाया है। 11 सितंबर को बीएसई पर यह शेयर पिछले बंद भाव से करीब 20 फीसदी तक उछल गया, साथ ही इसने 1024 रुपये का नया 52-वीक हाई लेवल भी छू लिया। यह लगातार दूसरा कारोबारी दिन है जब इस स्टॉक में तेज उछाल दर्ज हुआ है।
लगातार दो दिन से तेजी में शेयर
इससे पहले गुरुवार को भी यह शेयर करीब 5.5 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ था। लगातार आ रही इस तेजी के चलते कंपनी का मार्केट कैप अब बढ़कर 6500 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। इस शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है और यह बीएसई 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। रिटर्न के लिहाज से देखें तो यह स्टॉक एक हफ्ते में 33 फीसदी, दो हफ्तों में 57 फीसदी, तीन महीनों में 78 फीसदी और छह महीनों में 161 फीसदी तक उछल चुका है। वहीं पिछले पांच वर्षों में इस शेयर ने निवेशकों को 537 फीसदी तक का रिटर्न दिया है।
कौन सा है यह स्टॉक
जिस शेयर की चर्चा हो रही है, वह रेमंड लिमिटेड का स्टॉक है। हाल ही में 8 सितंबर को कंपनी के बोर्ड ने 214.71 करोड़ रुपये जुटाने की योजना को मंजूरी दी थी। यह राशि मिनरवा वेंचर्स फंड को 33,28,686 वॉरंट जारी करके जुटाई जाएगी, जिनका इश्यू प्राइस 645 रुपये प्रति वॉरंट रखा गया है। प्रत्येक वॉरंट को आगे चलकर 10 रुपये फेस वैल्यू वाले एक इक्विटी शेयर में बदला जा सकेगा।
पहले हो चुका है डीमर्जर
गौरतलब है कि जुलाई माह में कंपनी से रियल एस्टेट कारोबार को अलग किया गया था, जो अब रेमंड रियल्टी के नाम से एक स्वतंत्र लिस्टेड इकाई के रूप में कारोबार करता है। इसके शेयर 1 जुलाई 2025 को एक-एक के अनुपात में शेयरधारकों को आवंटित किए गए थे। इसके अलावा रेमंड लाइफस्टाइल लिमिटेड नाम की एक और अलग कंपनी भी अस्तित्व में आई थी, जिसके तहत रेमंड के हर पांच शेयरों पर शेयरधारकों को चार शेयर रेमंड लाइफस्टाइल के प्रदान किए गए थे।
बाजार जानकारों का मानना है कि फंड जुटाने की मंजूरी और लगातार बेहतर रिटर्न ट्रैक रिकॉर्ड ने इस स्टॉक में निवेशकों का भरोसा और मजबूत किया है, जिसके चलते गिरते बाजार में भी यह शेयर सुर्खियां बटोर रहा है।
नोट: किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की सलाह जरूर लें। यह लेख निवेश की सलाह नहीं है।
ये भी पढ़ें……
महिला से फोन पर बात करने का विवाद, MPSC अभ्यर्थी का अपहरण; 53 मिनट में पुलिस ने बचाया