बारिश के बीच नदी में मछली पकड़ने गया था युवक
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बारिश के दौरान एक युवक नदी में मछली पकड़ने गया था और उसकी नाव तेज बहाव में बह गई। मामला पैलानी थाना क्षेत्र के कुकुवा खास गांव का है, जहां रहने वाला 35 वर्षीय जंग बहादुर शनिवार शाम नाव और जाल लेकर नदी में मछली पकड़ने निकला था। परिजनों के मुताबिक वह अक्सर नदी में जाता था और देर रात होने पर नाव में ही सो जाता था। इस बार भारी बारिश के चलते नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और तेज बहाव के साथ उसकी नाव बहती चली गई।
रातभर घर नहीं लौटा, परिजनों ने दी पुलिस को सूचना
युवक के सुबह तक घर नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
पुलिस, गोताखोरों और SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
तलाश के लिए स्थानीय पुलिस के साथ गोताखोरों, PAC फ्लड टीम और SDRF की टीमों को भी लगाया गया। कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद करीब 5 किलोमीटर दूर सिंधन कला गांव के पास युवक सुरक्षित मिल गया। टीम ने उसे तुरंत बाहर निकाला और जरूरी पूछताछ के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सात भाइयों में दूसरे नंबर का है जंग बहादुर
जंग बहादुर सात भाइयों में दूसरे नंबर का है और मछली पकड़ने का काम करता है। डिप्टी एसपी प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया, जिसके बाद युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
DM-SP ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। डीएम अमित आसेरी और एसपी पलाश बंसल ने जिलेवासियों से अपील की कि लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी, नाले और तालाबों के आसपास जाने से बचें और अपनी व परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। पुलिस ने काउंसलिंग के बाद युवक को परिजनों को सौंप दिया।
गांव में रातभर बनी रही चिंता, परिजनों ने खुद भी की तलाश
परिजनों के साथ-साथ गांव के कई लोग भी जंग बहादुर की तलाश में नदी किनारे जुट गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में भारी बारिश के चलते नदी का जलस्तर पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहा था, फिर भी मछुआरे रोजी-रोटी के लिए नदी में जाने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को बारिश के मौसम में मछुआरों के लिए सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
रात भर चली तलाश के दौरान परिजन हर संभव जगह पर युवक को ढूंढते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती गई। परिवार का कहना है कि जंग बहादुर की सुरक्षित वापसी के बाद उन्हें बड़ी राहत मिली है।
भारी बारिश से जिले में बढ़ी सतर्कता, रेड अलर्ट जारी
जिले में जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता बरती जा रही है। इससे पहले भी जिले में भारी बारिश के कारण एक पेड़ CNG सिलेंडर से भरे ट्रक पर गिर गया था, जिससे हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई थी, हालांकि गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
मौसम विभाग ने भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने साफ किया है कि बारिश के इस मौसम में नदी, तालाब और नालों के पास जाने से बचना ही सबसे बड़ी सावधानी है पुलिस ने भी गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने की योजना बनाई है।
रिपोर्टर: सिद्धार्थ गुप्ता, बांदा
ये भी पढ़ें: