बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत में एक इलेक्ट्रीशियन की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के खत्री गढ़ी इलाके में सुबह एक विवाद के दौरान इलेक्ट्रीशियन पर लोहे की रॉड और हथौड़े से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में एक दंपति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मार्केट में अचानक शुरू हुआ विवाद
घटना उस समय हुई जब बाजार में दुकानें खुल रही थीं। मृतक की पहचान शिकोहपुर गांव निवासी दीपेंद्र के रूप में हुई है। वह खत्री गढ़ी इलाके में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर इलेक्ट्रीशियन का काम करता था।
रिपोर्ट के मुताबिक, दीपेंद्र और राहुल की दुकानें आमने-सामने थीं। इसी दौरान राहुल और दीपेंद्र के बीच एक आपत्तिजनक वीडियो को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि राहुल की पत्नी सोनिया भी विवाद में शामिल हो गई और दोनों ने मिलकर दीपेंद्र पर हमला कर दिया।
रॉड और हथौड़े से किया हमला
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद दीपेंद्र को जमीन पर गिरा दिया गया। इसके बाद पति-पत्नी ने कथित तौर पर उस पर लोहे की रॉड और हथौड़े से हमला किया। बाजार में हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल दीपेंद्र को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने राहुल और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया। दोनों से हत्या की वजह और घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जा रही है।
अश्लील वीडियो और ब्लैकमेलिंग की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो, रिश्तों और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दीपेंद्र और सोनिया की दुकानें आमने-सामने होने के कारण दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात कही जा रही है।
दावा है कि इसी दौरान दीपेंद्र के पास सोनिया का एक आपत्तिजनक वीडियो पहुंचा और बाद में इसी को लेकर ब्लैकमेलिंग का विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि सोनिया ने इसकी जानकारी अपने पति राहुल को दी थी। इसके बाद राहुल और दीपेंद्र के बीच तनाव बढ़ गया और मामला हिंसा तक पहुंच गया। हालांकि, पुलिस अभी इन सभी पहलुओं की पुष्टि कर रही है।
मृतक के भाई ने बताई अलग वजह
दूसरी तरफ, मृतक दीपेंद्र के भाई सतेंद्र ने हत्या के पीछे अलग कारण बताया है। उसके मुताबिक, दीपेंद्र ने राहुल और उसकी पत्नी को पैसे उधार दिए थे और वह अपने रुपये वापस मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
मृतक के भाई ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी दंपति दीपेंद्र को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते थे। पुलिस अब इस दावे की भी जांच कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आएगी असली वजह
सीओ बड़ौत अंशु जैन के मुताबिक, सुबह राहुल और दीपेंद्र के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद मारपीट में दीपेंद्र गंभीर रूप से घायल हुआ और उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना में पति-पत्नी की भूमिका सामने आई है और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, आपत्तिजनक वीडियो, कथित ब्लैकमेलिंग और पैसों के लेनदेन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वजह और घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।