तालकटोरा स्टेडियम में कल भव्य कार्यक्रम
रक्षाबंधन से ठीक पहले दिल्ली की महिलाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कल लक्ष्मी योजना के तहत पहली किस्त जारी करने जा रही हैं। दिल्ली लक्ष्मी योजना पहली किस्त का यह भव्य कार्यक्रम राजधानी के तालकटोरा स्टेडियम में सुबह 11 बजे आयोजित होगा, जहां करीब 2500 महिलाओं को सीधे मंच से 2500 रुपये की किस्त सौंपी जाएगी। गौरतलब है कि इस योजना के लिए अब तक 6 लाख से ज्यादा महिलाएं रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं।
कैसे मिलेगी हर महीने की राशि
लक्ष्मी योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की मदद दी जाएगी, लेकिन इसका भुगतान तरीका थोड़ा अलग है। लाभार्थियों के पास दो विकल्प हैं — पहले विकल्प में 1,500 रुपये आरडी या एफडी के रूप में बैंक खाते में जमा होंगे, जो 31 जुलाई 2029 तक लॉक-इन रहेंगे, जबकि बाकी 1,000 रुपये सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) वॉलेट में मिलेंगे। दूसरे विकल्प में महिलाएं चाहें तो पूरी 2,500 रुपये की राशि सीधे अपने आरडी/एफडी खाते में डलवा सकती हैं।
किन महिलाओं को मिलेगा लाभ
इस योजना का फायदा उठाने के लिए महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी जरूरी है और परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही आवेदक महिला या उसका परिवार कम से कम 10 साल से दिल्ली का निवासी होना अनिवार्य है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, आय प्रमाण पत्र, दिल्ली मतदाता पहचान पत्र और आधार-लिंक्ड बैंक खाता जरूरी दस्तावेज माने गए हैं।
किन्हें नहीं मिलेगा इस योजना का फायदा
हर किसी को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। सरकारी कर्मचारी, आयकरदाता, GST दाखिल करने वाले लोग, चार पहिया वाहन रखने वाले परिवार, सालाना 2400 यूनिट से ज्यादा बिजली खर्च करने वाले घर और 3 से ज्यादा जीवित बच्चों वाली महिलाएं इस दायरे से बाहर रहेंगी। अगर किसी ने गलत जानकारी देकर योजना का लाभ उठाने की कोशिश की, तो न सिर्फ पूरी राशि वापस वसूली जाएगी, बल्कि उस पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। बता दें कि दिल्ली सरकार ने इस योजना के लिए वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे राजधानी की करीब 17 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।