हरियाणा सरकार ने महज हरियाणा पुलिस तबादला के तहत 48 घंटे के भीतर दूसरी बार बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस बार 9 IPS और HCS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा करनाल के पूर्व SP नरेंद्र बिजारणिया की पोस्टिंग को लेकर हो रही है।
बिजारणिया को STF से हटाकर IRB भेजा गया
करनाल के SP रहे नरेंद्र बिजारणिया को अब इंडिया रिजर्व बटालियन (IRB) में कमांडेंट के पद पर तैनात किया गया है। गौरतलब है कि 3 सितंबर को जारी आदेश में उन्हें स्पेशल टास्क फोर्स (STF) में SP बनाया गया था, लेकिन 48 घंटे के भीतर ही यह आदेश बदल दिया गया।
पानीपत और पलवल के SP भी बदले
नए आदेशों में IPS मेधा भूषण को पानीपत का नया SP और IPS दीप्ति गर्ग को पलवल का SP नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारियों की 3 सितंबर को जारी हुई पिछली पोस्टिंग को रद्द कर दिया गया था। इसके अलावा IPS लोकेंद्र सिंह को क्राइम ब्रांच का एसपी और IPS सुरेंद्र सिंह भोरिया को हरियाणा पुलिस एकेडमी का कमांडेंट बनाया गया है।
रोड़ समाज कर रहा था तबादले की मांग
करनाल में बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के बाद हुए डबल एनकाउंटर में हर्ष और बीरबल नामक युवकों को मार गिराया गया था। हर्ष रोड़ समाज से जुड़े थे, जिसके बाद समाज के लोग इस एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए लगातार SP नरेंद्र बिजारणिया के तबादले की मांग कर रहे थे। 3 सितंबर को उन्हें STF भेजा गया था, लेकिन विरोध थमा नहीं और अब उन्हें दोबारा IRB स्थानांतरित कर दिया गया।
दीप्ति गर्ग की गृह जिले में तैनाती बनी वजह
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दीप्ति गर्ग पानीपत की मूल निवासी हैं और प्रशासनिक नियमों के अनुसार गृह जिले में तैनाती नहीं दी जा सकती। इसी वजह से उन्होंने पानीपत में पदभार ग्रहण नहीं किया था, जिसके बाद सरकार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए उन्हें पलवल भेज दिया और मेधा भूषण को पानीपत की नई SP बनाया गया।
लगातार बदलते आदेशों से प्रशासन में हलचल
कम समय में दो बार तबादला आदेश जारी होने से हरियाणा पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। प्रशासनिक और सामाजिक दबाव के बीच हो रहे इन फेरबदलों को लेकर सियासी और पुलिसिया गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है।