हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। मामले को लेकर उठे कई सवालों और आरोपों के बीच घटना के 9वें दिन शुक्रवार को हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा यूपी के बनतीखेड़ा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने अंकित के पिता सतबीर सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
9 दिन बाद क्यों पहुंचे मासूम शर्मा
इस पूरे मामले में मासूम शर्मा के देरी से परिवार तक पहुंचने पर भी सवाल उठ रहे थे। परिवार से मुलाकात के दौरान मासूम शर्मा ने साफ किया कि थ्रेट इश्यू के चलते वो पहले गांव नहीं पहुंच पाए थे। हालात सामान्य होने के बाद ही वो परिवार के बीच पहुंचे और अपनी संवेदना जाहिर की।
पिता ने पहले उठाए थे सिंगर की भूमिका पर सवाल
अंकित बालियान की मौत के बाद उनके पिता सतबीर सिंह ने मामले में सिंगर बिरादरी और खासतौर पर मासूम शर्मा की भूमिका को लेकर सवाल खड़े किए थे। परिवार का कहना था कि घटना के बाद भी कोई साथी सिंगर उनसे मिलने या सहयोग करने नहीं पहुंचा, जिससे परिवार में नाराजगी थी। पिता के इन बयानों के बाद से मासूम शर्मा पर लगातार दबाव बन रहा था कि वो परिवार से मुलाकात करें और स्थिति स्पष्ट करें।
परिवार से मुलाकात में क्या हुआ
शुक्रवार को हुई इस मुलाकात के दौरान मासूम शर्मा ने अंकित के परिवार के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि वे शुरू से ही परिवार के साथ खड़े रहना चाहते थे, लेकिन सुरक्षा को लेकर मिल रही धमकियों के कारण फैसला टालना पड़ा। परिवार से मुलाकात के दौरान माहौल भावुक रहा और मासूम शर्मा ने अंकित के पिता को ढांढस बंधाया।
केस को लेकर बना हुआ है दबाव
अंकित बालियान की हत्या के बाद से हरियाणवी सिंगर बिरादरी में इस मामले को लेकर लगातार बहस छिड़ी हुई है। मामले में पुलिस जांच जारी है और परिवार इंसाफ की मांग कर रहा है। सिंगर बिरादरी के भीतर से भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जिससे यह केस लगातार चर्चा में बना हुआ है।
अब देखना यह होगा कि मासूम शर्मा की इस मुलाकात के बाद मामले में आगे क्या रुख अपनाया जाता है और पुलिस जांच में क्या नए तथ्य सामने आते हैं।