पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार सुबह एक सरकारी अस्पताल में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। राजधानी के प्रमुख अस्पताल पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के स्त्री रोग वार्ड में आग लगने की घटना सामने आई है। शुरुआती रिपोर्टों में PIMS अस्पताल में आग लगने के बाद 15 नवजात बच्चों की मौत की बात कही गई है।
हालांकि, अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अस्पताल की प्रवक्ता के मुताबिक, जिस वार्ड में आग लगी थी, वहां 15 बच्चे मौजूद थे। ऐसे में वास्तविक संख्या की पुष्टि जांच और रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद ही हो सकेगी।
सुबह करीब 7 बजे लगी आग
जानकारी के मुताबिक, PIMS अस्पताल में आग बुधवार सुबह करीब 7 बजे लगी। आग अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड और नवजातों से जुड़े हिस्से में पहुंच गई। आग लगने के बाद वार्ड में धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद मरीजों और अस्पताल कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
रेस्क्यू टीम और अस्पताल के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की। आग बुझाने के बाद अब कूलिंग का काम किया गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग लगने की वजह को लेकर शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगती हुई दिखाई दे रही है।
वहीं, रेस्क्यू अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि अस्पताल की नर्सरी में एयर कंडीशनर का कंप्रेसर फटने के बाद आग लगी हो सकती है। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और वार्ड में धुआं भर गया।
15 नवजातों की मौत की खबर, आधिकारिक पुष्टि बाकी
PIMS अस्पताल में आग के बाद 15 नवजात बच्चों की मौत की खबर सामने आई है। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अस्पताल की प्रवक्ता ने बताया कि घटना के समय वार्ड में 15 बच्चे थे, लेकिन संभव है कि रात के दौरान कुछ बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई हो। इसलिए मृतकों की सही संख्या की पुष्टि रिकॉर्ड की जांच के बाद ही की जा सकेगी।
जांच के लिए समिति गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की है। समिति आग लगने के वास्तविक कारणों के साथ-साथ अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच करेगी।
जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि आग किस परिस्थिति में लगी और उसे फैलने से रोकने के लिए अस्पताल में मौजूद सुरक्षा इंतजाम कितने प्रभावी थे।
PIMS पाकिस्तान का प्रमुख सरकारी अस्पताल
PIMS इस्लामाबाद के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में शामिल है और राजधानी के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थानों में इसकी गिनती होती है। ऐसे अस्पताल के नवजात वार्ड में आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल PIMS अस्पताल में आग की घटना की जांच जारी है। प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जानमाल के नुकसान की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।