कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को लेकर ऐसा बयान दे दिया है जिससे देश की राजनीति में बवाल मच गया है. दरअसल, खरगे ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वे विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकारी मशीनरी और केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करके राजनीतिक पार्टियों और लोगों को डरा-धमका रहे हैं.
खरगे ने क्या कहा?
दरअसल, चेंन्नई में केसी वेणुगोपाल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने AIADMK के बीजेपी के साथ गठबंधन की आलोचना करते हुए प्रधानंमत्री को आतंकवादी कह दिया. अपने बयान में खरगे ने कहा कि, ये लोग मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं. वो एक आतंकवादी हैं. वो समानता में विश्वास नहीं करते उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती और इन लोगों का उनके साथ जुड़ना, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं, लेकिन जब उनकी इसी टिप्पणी को लेकर उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि, उनका मतलब था कि, प्रधानमंत्री देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को डरा-धमका रहे हैं.
बीजेपी ने बोला हमला
कांग्रेस अध्यक्ष के बयान के बाद मानों सियासत में बवाल मच गया. एक के बाद एक बीजेपी के नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आने लगी, जिसमें वे कांग्रेस को घेरते हुए दिखे. खरगे के विवादित बयान पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि, मुझे शर्म आती है कि कांग्रेस और डीएमके इतनी नीच हरकत पर उतर आए हैं कि वे भारत की जनता द्वारा लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहकर उनका अपमान कर रहे हैं. राहुल गांधी और एमके स्टालिन को प्रधानमंत्री और उन्हें वोट देकर सत्ता में लाने वाली भारत की जनता के इस घोर अपमान के लिए माफी मांगनी चाहिए. कांग्रेस और डीएमके ने इस बयान से 140 करोड़ भारतीयों को, जिनमें हमारे 8 करोड़ तमिल भाई-बहन भी शामिल हैं, अपमानित किया है.
‘लोगों में डर पैदा कर रहे हैं’
पीयूष गोयल यहीं नहीं रूके उन्होंने आगे कहा कि, यह अपवित्र गठबंधन प्रधानमंत्री को निशाना बनाकर भारतीयों को आतंकवादी कह रहा है. प्रधानमंत्री पर इस तरह के व्यक्तिगत हमले उनके चुनावी भाग्य को नहीं बदलेंगे, जो उनके कुशासन से पीड़ित जनता के गुस्से से पहले ही तय हो चुका है. वहीं इस विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने अपने आतंकवादी वाले बयान पर सफाई भी दी. उन्होंने कहा कि, क्योंकि भाजपा सरकार राजनीतिक दलों और खासकर उम्मीदवारों को डरा रही है. वे सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं और उनका दुरुपयोग कर रहे हैं. वे लोगों में डर पैदा कर रहे हैं ताकि उन्हें लगे कि सरकार विपक्षी दलों को भी निशाना बनाने के लिए काफी शक्तिशाली है. इसी संदर्भ में मैंने यह बात कही थी. पीएम मोदी को लेकर खरगे ने कहा कि, मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं. मैंने कहा था कि वह और उनकी सरकार इन संस्थाओं का इस्तेमाल करके लोगों को डरा रहे हैं. मेरा यही मतलब था खैर अब देखना है कि, कब तक इस विवाद की आग शांत होती है या बीजेपी आगे भी इसे मुद्दा बनाकर कांग्रेस को घेरने का काम करेगी.