रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। कैंटीन बंद कर घर लौट रहे एक व्यक्ति की बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, ढंडेरा निवासी अमन शराब की कैंटीन चलाते थे। शुक्रवार देर रात वह कैंटीन बंद करके घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों ने अमन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगने के बाद अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद लोगों में आक्रोश
हत्या की जानकारी फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और घटना को लेकर नाराजगी जताई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों की तलाश में आसपास के इलाकों में पुलिस ने कांबिंग भी की, लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए मृतक के परिचितों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
पुरानी रंजिश की आशंका
पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
अमन के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।