राजस्थान के अलवर जिले से कोटपूतली जेल हंगामा से जुड़ी चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जिला जेल में खाने में प्याज और हरी मिर्च न मिलने से नाराज कैदी भूख हड़ताल पर बैठ गए। जब मांग पूरी नहीं हुई तो कुछ कैदियों ने कथित तौर पर खुद के हाथों पर रेजर चला लिया, जिससे करीब आधा दर्जन कैदी घायल हो गए।
देर शाम से चल रहा था धरना
जेल अधीक्षक मानाराम गर्ग के अनुसार कैदियों की मांग थी कि सब्जी के साथ मिर्ची और प्याज भी दी जाए। इसी मांग को लेकर वे कल देर शाम से धरना देकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज कैदियों ने अपने हाथों पर रेजर चला लिया।
दो कैदी गंभीर, अस्पताल रेफर
घटना में घायल हुए कैदियों में से दो की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि बाकी चार कैदियों की हालत सामान्य बताई गई है। सूचना मिलते ही जेल में डॉक्टरों की टीम भेजी गई और घायलों का तुरंत इलाज शुरू किया गया।
प्रशासन में मचा हड़कंप
कोटपूतली जेल हंगामा की खबर फैलते ही जेल प्रशासन, पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर डीएलएसए सचिव नीलम मीणा समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बातचीत के बाद शांत हुआ मामला
अधिकारियों ने जेल पहुंचकर कैदियों से बातचीत की और मामले को शांत कराने की कोशिश की। जेल अधीक्षक ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सभी कैदियों ने खाना भी खा लिया है। वहीं कैदियों द्वारा खुद को रेजर से घायल किए जाने के मामले की पुलिस और प्रशासन जांच कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें…..