गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल के साथियों की व्हाट्सएप पर लगातार बुलिंग से परेशान 12वीं कक्षा की छात्रा ने फंदा लगाकर जान दी। यह घटना 24 अगस्त की है, लेकिन अब छात्रा के पिता ने इस मामले में शुक्रवार को आरोपी सहपाठी और उसके तीन परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज कराई है।
धमकियों से परेशान थी छात्रा
परिजनों के मुताबिक 17 वर्षीय छात्रा दिल्ली के आनंद विहार स्थित विवेकानंद स्कूल में पढ़ती थी। आरोप है कि सहपाठी की ओर से उसे लगातार धमकाया जा रहा था और यह तक कहा गया कि दोबारा शिकायत करने पर उसकी जिंदगी तबाह कर दी जाएगी और उसके माता-पिता को भी नहीं छोड़ा जाएगा। इन धमकियों से आहत छात्रा ने घटना से तीन दिन पहले ही स्कूल जाना बंद कर दिया था।
मोबाइल जांच में मिले वीडियो और चैट
पिता ने पुलिस को बताया कि शुरुआत में उन्हें आत्महत्या का कारण समझ नहीं आया, लेकिन बेटी का मोबाइल फोन खंगालने पर सहपाठी से जुड़े कई वीडियो, ऑडियो और व्हाट्सएप चैट मिले, जिनमें बुलिंग और धमकी के सबूत सामने आए। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन आरोपी ने छात्रा को वीडियो कॉल कर उस पर माफी मांगने का दबाव बनाया और उसकी मिमिक्री भी की।
स्कूल प्रशासन ने सौंपे सबूत
जांच के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल ने छात्रा के पिता को एक पेन ड्राइव सौंपी, जिसमें घटना से जुड़ी वीडियो सामग्री मौजूद है। इसमें आरोपी छात्र और उसके माता-पिता के बीच हुई बातचीत भी शामिल बताई जा रही है। यह सभी सबूत पुलिस को सौंप दिए गए हैं और मामले की गहनता से जांच जारी है।
दोस्तों से बना ली थी दूरी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ समय पहले छात्रा ने आरोपी छात्र से दूरी बना ली थी और दूसरे दोस्तों के समूह में शामिल हो गई थी। इसके बावजूद बुलिंग जारी रहने से वह मानसिक रूप से टूट गई। पुलिस अब सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें….