गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की ATS Advantage Society में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव सोसायटी के फर्स्ट फ्लोर की बालकनी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय तरुण पुत्र जगदीश प्रसाद, निवासी ज्ञानखंड-3 के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक की मौत सोसायटी में गिरने के बाद हुई। हालांकि वह सोसायटी के अंदर कैसे पहुंचा और किस स्थान से गिरा, इसे लेकर पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
तीन साल से चल रहा था इलाज
परिजनों के अनुसार तरुण की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी। बताया गया है कि पिछले करीब तीन वर्षों से उसका दिल्ली स्थित IHBAS संस्थान में इलाज चल रहा था।
पुलिस फिलहाल परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले तरुण कहां था और वह ATS Advantage Society तक कैसे पहुंचा।
सोसायटी में युवक की एंट्री बनी सवाल
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि तरुण सोसायटी परिसर के अंदर कैसे दाखिल हुआ। पुलिस इस बिंदु को भी जांच का अहम हिस्सा मान रही है।
बताया जा रहा है कि सोसायटी में बाहरी लोगों के प्रवेश के लिए रेजिडेंट की अनुमति जरूरी होती है। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तरुण को किस व्यक्ति ने सोसायटी में प्रवेश की अनुमति दी थी।
CCTV फुटेज से खुलेगा घटनाक्रम का राज
इंदिरापुरम पुलिस अब सोसायटी में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। फुटेज के जरिए पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि तरुण किस समय सोसायटी में दाखिल हुआ, उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं और घटना से पहले वह किन जगहों पर गया।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या तरुण का कोई परिचित सोसायटी में रहता था। पुलिस उसके सोसायटी में पहुंचने से लेकर बालकनी में शव मिलने तक की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।
किस मंजिल से गिरा युवक? पुलिस कर रही जांच
तरुण का शव फर्स्ट फ्लोर की बालकनी में मिला है। ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह वास्तव में किस मंजिल या स्थान से गिरा था। इस सवाल का जवाब CCTV फुटेज और अन्य जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज के आधार पर मौत की परिस्थितियों को लेकर आगे की जांच की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के तौर पर जांच रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।