चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का जिनपिंग भारत दौरा अब लगभग तय माना जा रहा है। वे BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आने वाले हैं। बीजिंग स्थित चीनी विदेश मंत्रालय की ओर से जल्द ही इस यात्रा का आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है।
शनिवार को दिल्ली पहुंचने की संभावना
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति शी शनिवार दोपहर दिल्ली पहुंच सकते हैं। इसके बाद शाम करीब छह बजे भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात होने की उम्मीद है। यह बैठक भारत-चीन संबंधों के नजरिए से बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि यह भारतीय धरती पर दोनों नेताओं की करीब सात वर्षों में पहली द्विपक्षीय बैठक होगी।
गलवान झड़प के बाद पहली मुलाकात
खास बात यह है कि 2020 में हुई गलवान घाटी झड़प के बाद यह पहला मौका होगा जब दोनों नेता भारत की जमीन पर आमने-सामने बैठकर बातचीत करेंगे। इससे पहले शी जिनपिंग की आखिरी भारत यात्रा अक्तूबर 2019 में हुई थी, जब वे तमिलनाडु के मामल्लापुरम पहुंचे थे और प्रधानमंत्री मोदी के साथ दूसरे अनौपचारिक शिखर सम्मेलन में शामिल हुए थे। यह मुलाकात 2018 में चीन के वुहान शहर में हुई पहली अनौपचारिक बैठक की अगली कड़ी थी।
12-13 सितंबर को होगा 18वां BRICS शिखर सम्मेलन
भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इस वर्ष भारत BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और सम्मेलन की थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” रखी गई है। यह संयोग से BRICS की स्थापना के 20 वर्ष पूरे होने का भी वर्ष है।
सम्मेलन में किन मुद्दों पर होगी चर्चा
सम्मेलन में सदस्य और साझेदार देशों के नेता वैश्विक तथा क्षेत्रीय मुद्दों के साथ-साथ राजनीतिक-सुरक्षा सहयोग, आर्थिक-वित्तीय साझेदारी और आपसी जन-संपर्क बढ़ाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। भारत मंडपम में होने वाली इस बैठक को लेकर सुरक्षा तैयारियां भी जोरों पर हैं, क्योंकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई अन्य वैश्विक नेता भी इसमें शामिल होने वाले हैं।
भारत-चीन रिश्तों पर पड़ेगा असर
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सात साल बाद हो रही यह द्विपक्षीय मुलाकात भारत-चीन संबंधों में नई दिशा तय कर सकती है। सीमा विवाद के बाद तनावपूर्ण रहे इन संबंधों में यह मुलाकात एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक कदम मानी जा रही है, और इस पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है।
ये भी पढ़ें….