लखनऊ में शुक्रवार को हुए एक कार्यक्रम में योगी का अखिलेश पर तंज सुर्खियों में रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित ‘हिंदू गौरव दिवस’ कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पीडीए की परिभाषा को लेकर सपा को निशाने पर लिया।
‘गिरगिट की तरह रंग बदलती है पार्टी’
सीएम योगी ने कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली पार्टी वाले पीडीए को अपनी सुविधा अनुसार परिभाषित करते हैं। उनके मुताबिक कभी इसका P पिछड़ा था, फिर पंडित हो गया, और आने वाले समय में यह पाकिस्तान भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि इनके बयानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता और ये ऐसे गिद्ध हैं जो जिस पेड़ पर चढ़ते हैं, उसी को सुखा डालते हैं।
श्रद्धांजलि न देने पर सपा पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि मायावती ने शिष्टाचार के तहत कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी, लेकिन सपा मुखिया अखिलेश यादव ने न तो खुद आकर श्रद्धांजलि दी और न ही शब्दों से कुछ व्यक्त किया। उन्होंने इसे हर सनातन धर्मावलंबी का अपमान बताया।
कल्याण सिंह के संघर्ष और राम मंदिर आंदोलन का जिक्र
कार्यक्रम में योगी ने कल्याण सिंह के जीवन को याद करते हुए कहा कि वह दबाव में झुकने वाले नेता नहीं थे। राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान सत्ता गंवाने के बावजूद उन्होंने रामभक्तों पर गोली न चलाने का फैसला लिया था।
महापुरुषों के नाम हटाने का आरोप
सीएम योगी ने सपा पर आरोप लगाया कि उसने कन्नौज के मेडिकल कॉलेज से डॉ. भीमराव आंबेडकर का नाम और मैनपुरी के कॉलेज से अहिल्याबाई होल्कर का नाम हटाया था, जिसे बाद में भाजपा सरकार ने बहाल किया।
पीएम मोदी के श्रद्धांजलि देने का जिक्र
योगी ने बताया कि कल्याण सिंह के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी सभी कार्यक्रम छोड़कर लखनऊ आए थे और अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे, जबकि सपा मुखिया ने इसमें शिरकत तक नहीं की।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, मंत्री सुरेश खन्ना, सांसद साक्षी महाराज सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें……