राजस्थान के जयपुर स्थित विश्वकर्मा इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने सल्फास देकर पति की हत्या को अंजाम दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि पत्नी कविता मीणा ने अपने प्रेमी गणेश मीणा के साथ मिलकर पति महेश मीणा की जान लेने की सुनियोजित साजिश रची थी। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पाइन एप्पल जूस में मिलाया जहर
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को कविता महेश को दवाई दिलाने के बहाने बाइक से बोराज ले गई और वहां से दोनों नईनाथ धाम, बस्सी पहुंचे। आरोप है कि वहीं पाइन एप्पल जूस में सल्फास की गोलियां मिलाकर महेश को पिला दी गईं। जूस पीने के तुरंत बाद महेश की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, लेकिन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय दो से तीन घंटे तक सड़कों पर घुमाया जाता रहा।
तड़पते पति को अनदेखा करती रही पत्नी
तबीयत बिगड़ने के बाद कविता ने अपने प्रेमी गणेश को फोन कर बताया कि उसने जहर दे दिया है और अब आगे की जिम्मेदारी उसी की है। इसके बाद गणेश अपने दो साथियों के साथ मौके पर पहुंचा, लेकिन खुद दूरी बनाए रखी। उसके साथी महेश को कभी पानी पिलाते तो कभी खुले में लिटाते रहे, मगर किसी ने भी उसे अस्पताल पहुंचाने की जरूरत नहीं समझी। करीब तीन-चार घंटे तक तड़पने के बाद महेश की मौत हो गई। इसके बाद ही कविता ने देवर को फोन कर तबीयत बिगड़ने की सूचना दी, जबकि तब तक महेश की जान जा चुकी थी।
CCTV और कॉल डिटेल से खुली सच्चाई
पुलिस ने जांच के दौरान इलाके के CCTV फुटेज और आरोपियों की कॉल डिटेल खंगालीं, जिससे पूरी साजिश की परतें खुलती चली गईं। फुटेज में दिखे रूट और आरोपियों की गतिविधियों को जोड़कर पुलिस ने मामले की कड़ियां मिलाईं। जांच में सामने आया कि कविता और गणेश के बीच पिछले छह-सात वर्षों से प्रेम संबंध था। कविता गणेश से विवाह करना चाहती थी, लेकिन परिवार ने उसकी शादी महेश से करा दी थी। पुलिस के मुताबिक शादी के करीब डेढ़ साल बाद ही महेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची जाने लगी थी।
पहले भी लगा चुकी थी पति पर आरोप
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, कविता गणेश के कहने पर पहले भी कई बार महेश को छोड़ने का प्रयास कर चुकी थी और उस पर गंभीर आरोप लगाकर मायके भी चली गई थी, लेकिन परिवार के दबाव में उसे वापस भेज दिया गया। इस बार गणेश के कहने पर सल्फास की गोलियां मंगवाई गईं, जिनमें से कुछ गेहूं में छिपा दी गईं और बाकी का इस्तेमाल पति को जहर देने में किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि गणेश खुद विवाहित है और लोन की किस्तें जमा न कर पाने के कारण अपना मोबाइल बंद रखता था, जिसके चलते वह अपने दोस्त अजय के नंबर से कविता से संपर्क करता था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें…..