गाजियाबाद। नोएडा की एक फैक्ट्री से लापता हुईं दो महिलाएं रविवार को गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक साथ मिलीं। दोनों के परिजन जब उन्हें तलाशते हुए किराये के मकान तक पहुंचे, तो महिलाओं ने उनके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने और जीवन बिताने की बात कही। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपने फैसले पर अड़ी रहीं।
12 अगस्त को फैक्ट्री से लापता हुई थी पत्नी
जानकारी के अनुसार, एक युवक की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ ग्रेटर नोएडा में रहकर एक कंपनी में नौकरी करता था। उसी कंपनी में कई अन्य महिला और पुरुष कर्मचारी भी काम करते थे।
युवक के मुताबिक, 12 अगस्त को उसकी पत्नी अचानक लापता हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने ईकोटेक थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई। महिला की तलाश के दौरान युवक की मुलाकात उसी कंपनी से लापता हुई दूसरी युवती के भाई से हुई। दोनों परिवारों ने मिलकर महिलाओं को खोजने का प्रयास शुरू किया।
सोशल मीडिया से खोड़ा में होने की मिली जानकारी
महिलाओं की तलाश के दौरान परिजनों ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट भी चेक किए। इसी क्रम में उन्हें दोनों के खोड़ा क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद युवक और दूसरी महिला का भाई रविवार को खोड़ा स्थित एक मकान पर पहुंचे।
मकान में दोनों महिलाएं एक साथ मिलीं। उन्होंने बताया कि वे यहां किराये पर रह रही हैं। परिजनों के सामने दोनों ने अपने रिश्ते के बारे में बात की और कहा कि वे एक-दूसरे से प्यार करती हैं। दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताते हुए अलग होने से इनकार कर दिया।
पुलिस के समझाने पर भी नहीं बदला फैसला
महिलाओं के परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने परिवार के साथ जाने के लिए कहा, लेकिन दोनों महिलाओं ने साफ मना कर दिया।
इसके बाद पुलिस दोनों को थाने लेकर पहुंची। वहां भी उन्होंने अपने फैसले पर कायम रहने की बात कही। मामले को लेकर परिजनों और महिलाओं के बीच बातचीत हुई, लेकिन दोनों साथ रहने की इच्छा पर अड़ी रहीं।
लिखित शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले में अभी किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
फिलहाल दोनों महिलाओं के खोड़ा में साथ मिलने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई लिखित शिकायत और मामले के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।