गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां रहने वाली 10वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा शनाया बिष्ट की ऊंची मंजिल से गिरने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरी सोसाइटी में सन्नाटा और सदमे का माहौल छा गया।
कैसे सामने आई घटना
जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच घटी। इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाली शनाया के गिरने की आवाज सुनते ही सुरक्षा गार्ड और आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े। सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचित किया गया। विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को तुरंत अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दुखद खबर से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। बेटी को खोने के इस असहनीय दर्द के कारण छात्रा की मां की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
मौके से मिला भावुक नोट
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को एक लिखित नोट मिला है, जिसमें छात्रा ने अपने इस कदम के पीछे पढ़ाई और पढ़ाई से जुड़े दबाव को वजह बताया है। नोट में उसने साफ लिखा कि इसके लिए वह किसी को दोषी नहीं मानती, बल्कि खुद को जिम्मेदार बताया। उसने अपने माता-पिता, दादी और छोटी बहन का खास ख्याल रखने की भावुक अपील की, साथ ही परिवार और दोस्तों से खुशी-खुशी आगे बढ़ने और अपनी बहन के भविष्य पर असर न पड़ने देने की गुजारिश की।
जांच में जुटी पुलिस
विजयनगर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर नोट की सत्यता और छात्रा की मानसिक स्थिति से जुड़ी परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। परिवार, दोस्तों और सोसाइटी के लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है। पूर्ण पुलिस रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें…..