Ramanuj Goswami Death की खबर सामने आते ही गुवाहाटी के बहुचर्चित रिया हत्याकांड ने एक नया मोड़ ले लिया है। पत्नी रिया तालुकदार की हत्या और उसके बाद शव के साथ की गई क्रूरता के आरोप में गिरफ्तार रामानुज गोस्वामी की पुलिस हिरासत में मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक उसे ब्लड टेस्ट के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) ले जाया जा रहा था, तभी वह कथित तौर पर हिरासत से भागने की कोशिश में नरकासुर पहाड़ियों से कूद गया।
कैसे हुई घटना?
पुलिस के अनुसार यह घटना 14 सितंबर की तड़के करीब 3 बजे हुई, जब गोस्वामी को हाटीगांव से काहिलिपारा होते हुए अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में उसने पहाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसे कोई गोली नहीं मारी गई थी और मौत गिरने से लगी चोटों के कारण हुई। शव को आगे की कार्रवाई के लिए GMCH के मुर्दाघर भेज दिया गया है।
क्या था रिया हत्याकांड?
गोस्वामी को गुवाहाटी के बशिष्ठपुर इलाके में अपनी पत्नी रिया तालुकदार की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को शक है कि दोनों के बीच झगड़े के बाद यह हत्या हुई, जिसकी वजह गोस्वामी का यह शक बताया जा रहा है कि रिया का किसी और के साथ अफेयर चल रहा था। रिया के परिवार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और जांच शुरू की गई थी।
पड़ोसियों ने क्या बताया?
स्थानीय निवासियों ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। घटना वाले दिन फ्लैट से शोर-शराबे और एक महिला के रोने जैसी आवाजें सुनी गई थीं। दोनों की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी और वे साथ में अपार्टमेंट में रह रहे थे। गोस्वामी उबर ड्राइवर के तौर पर काम करता था, जबकि रिया एक बुटीक में नौकरी करती थी।
जांच अब किस दिशा में?
फिलहाल पुलिस हिरासत में हुई इस मौत के हालात की गहराई से जांच कर रही है। यह देखा जा रहा है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल में कोई चूक तो नहीं हुई। रिया हत्याकांड ने शुरू से ही सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर बड़ी चर्चा बटोरी थी, और अब आरोपी की मौत के बाद मामला और सुर्खियों में आ गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद स्थिति और साफ हो सकेगी।
रिया के परिवार की स्थिति
रिया नूनमती की रहने वाली थी और फैंसी बाजार इलाके के AC मार्केट स्थित एक बुटीक में काम करती थी। बताया जाता है कि उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और परिवार में सिर्फ उसका एक भाई है। हत्याकांड के बाद से ही रिया का परिवार न्याय की मांग कर रहा था, और अब आरोपी की मौत ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।
पहले भी सामने आए थे चौंकाने वाले खुलासे
गिरफ्तारी के बाद जांच में सामने आया था कि गोस्वामी ने पत्नी की हत्या के बाद उसका सिर फ्रिज में छिपा दिया था और शव को कुत्तों को खिलाने की योजना बनाई थी। पुलिस ने वह फ्रिज भी जब्त कर लिया था। इस मामले ने पूरे असम में सनसनी फैला दी थी और लगातार सुर्खियों में बना रहा।
ये भी पढ़ें…..