बिहार के सियासी गलियारों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है और इसकी वजह है बिहार के दो नेताओं की सीक्रेट मीटिंग. दरअसल, जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने जनसुराज के अध्यक्ष प्रशांत किशोर से मुलाकात की. तेज प्रताप यादव ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस भेंट की पुष्टि की और इसका वीडियो शेयर किया है. इसके साथ ही उन्होंने राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने के भी संकेत दिए हैं. उन्होंने कहा कि, यह केवल एक औपचारिक मुलाकात नहीं थी.
तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में कहा कि, आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा. मेरी मुलाकात प्रशांत किशोर से हुई, जहां हमने जनहित और भविष्य की राजनीति को लेकर गहन चर्चा की. इस दौरान जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से बात हुई. यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि इसमें कई ऐसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ जो आने वाले समय में राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं। मैं, तेज प्रताप यादव, इस संवाद को अपने राजनीतिक जीवन के एक महत्वपूर्ण अनुभव के रूप में देखता हूं, जहां सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प और भी मजबूत हुआ.

क्या है मुलाकात के सियासी मायने?
तेजप्रताप यादव ने अपनी पोस्ट में एक वीडियो भी शेयर किया है. जिसमें दोनों नेता एक-दूसरे का अभिवादन करते दिखे. दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और मीटिंग रूम की ओर बढ़ गए. बता दें कि, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को 2025 के चुनाव के पहले राष्ट्रीय जनता दल से अलग कर दिया गया था. राजद से बाहर जाने के बाद उन्होंने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल का गठन किया. चुनाव में उन्होंने कई सीटों पर अपने प्रत्याशियों को उतारा. तेज प्रताप यादव खुद भी महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन उनके खाते में एक भी सीट नहीं आई. बात करें प्रशांत किशोर की तो उन्हें भी एक भी सीट जीतने में कामयाबी नहीं मिली. कहा जा रहा है कि, दोनों एक मजबूत गठबंधन की तलाश कर रहे हैं. आगे की राजनीति के लिए दोनों मिले हैं.
आमतौर पर जब दो विरोधी नेता आपस में मिलते हैं. तो वे मुलाकात को औपचारिक या शिष्टाचार बताते हैं, लेकिन यहां तेजप्रताप ने महज औपचारिक मुलाकात नहीं बताया. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि, इस दौरान राज्य के वर्तमान हालात और जनता की बदलती अपेक्षाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ. दोनों की मुलाकात के बाद अटकलों का दौर जारी है. अगर भविष्य में दोनों नेताओं में तालमेल बैठता है तो यह बिहार की सियासत में नया समीकरण बना सकता है.