जर्मनी के मोर्स शहर के डुइसबर्ग इलाके के एक गुरुद्वारे में दो सिख गुटों में हिंसक झड़प हो गई जिसमें 11 लोग घायल हो गए हैं. झड़प का वीडियो भी सोशस मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पूरी घटना जर्मनी के मोर्स शहर के डुइसबर्ग इलाके की बताई जा रही है. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में दो गुटों के बीच हाथापाई होती दिख रही है. झड़प धीरे – धीरे हिंसक रूप तब ले लेती है. जब झड़प में चाकू और कृपाण का इस्तेमाल किया गया. यहां आपको बता दें कि, अब तक इन वीडियो की पुष्टि नहीं हो सकी है.
इस हिंसक झड़प को लेकर एक श्रद्धालु ने बताया कि, यह सब सुनियोजित रहा होगा. पूजा शुरू होने से कुछ ही देर पहले हमलावरों ने अचानक मिर्च स्प्रे का इस्तेमाल किया और विरोधियों पर स्प्रे कर दिया. फिर उनमें से 1 ने पिस्तौल से गोली चलाई. मैंने चाकू भी देखे. उन्होंने बताया कि, गुरुद्वारे के पूर्व और वर्तमान बोर्ड सदस्यों के बीच फंड मैनेजमेंट को लेकर मतभेद थे. उन्होंने आगे कहा कि, काफी समय से समस्याएं और विवाद चल रहे हैं, लेकिन मुख्य मामला अंतिम निर्णय लेने वाले व्यक्ति के अधिकार को लेकर है. जब हमला शुरू हुआ तो कई लोग घबराकर गुरुद्वारे से भाग गए. स्थिति और भी बदतर हो सकती थी.
धारदार हथियारों के अलावा, काली मिर्च स्प्रे से हमला
वहां मौके पर मौजूद एक औऱ श्रद्धालु ने बताया कि धार्मिक परिसर के अंदर धारदार हथियारों के अलावा, काली मिर्च स्प्रे और यहां तक कि बंदूक का भी इस्तेमाल किया गया. ताजा जानकारी के मुताबिक, खूनी झड़प क्यों हुई उसकी जांच जारी है, लेकिन प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने कहा कि विवाद नए निदेशक मंडल के चुनाव को लेकर हो सकता है. विवादों में गुरुद्वारे के कोष से संबंधित मुद्दे भी शामिल हैं, जिन पर कई समूह अपना-अपना दावा कर रहे हैं. इस झड़प में लगभग 40 लोग शामिल थे, जिसके चलते पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल की भी तैनाती की गई है.